सरकाघाट, 21 मई।गोपालपुर खंड में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से वीरवार को राजकीय डिग्री कॉलेज सरकाघाट में दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।
पूर्वाभ्यास में कुल 525 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 240 पीठासीन एवं सहायक पीठासीन अधिकारी तथा 285 मतदान अधिकारी शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
मास्टर ट्रेनर जयपाल भरमौरिया ने चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैलेट बॉक्स की सीलिंग एवं अनसीलिंग, बैलेट बॉक्स संचालन तथा वीडीएमएस ऐप के उपयोग सहित मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन तथा मतदान संबंधी दिशा-निर्देशों की भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि आगामी 26, 28 एवं 30 मई को मतदान प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में बीडीओ गोपालपुर कार्तिकेय डोगरा, शालिनी ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.