चिंतपूर्णी,,
प्रदीप ठाकुर
रक्कड़: 28 जून:रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने पावन पिंडी के दर्शन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। गर्मियों की छुट्टियों के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही डबल लाइन पुराना बस स्टैंड पार कर मेन बाजार तक पहुंच गई।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें पूरे दिन मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहीं। भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार प्रयास किए।
हालांकि, व्यवस्थाओं में कुछ कमियां भी देखने को मिलीं। पुराना बस स्टैंड के पास तक ही टेंट लगाए गए थे, जबकि आगे लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को तेज धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा कतारों में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं का कहना था कि तपती गर्मी में नंगे पैर लंबी कतारों में खड़े रहने के दौरान यदि छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो दर्शन व्यवस्था और अधिक सुगम हो सकती है। ऐसे में श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन से भविष्य में भीड़भाड़ वाले दिनों में इन सुविधाओं को और बेहतर बनाने की मांग की।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.