प्राकृतिक खेती पर जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित

जिला में 20 क्लस्टर के माध्यम से जुड़ेंगे अढ़ाई हजार किसान- गुरसिमर सिंह

मंडी, 25 जून। अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में आज यहां जिला स्तरीय निगरानी समिति द्वारा प्राकृतिक खेती मिशन 2026-27 की कार्य योजना को पारित किया गया। इस मिशन के तहत इस वर्ष जिला मंडी में 20 क्लस्टर बनाए जाएंगे और लगभग 2500 किसानों की 1000 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाएगा।

समिति की बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में मंडी जिला में 50 क्लस्टर के माध्यम से 8214 किसानों का 2500 हैक्टेयर क्षेत्र प्राकृतिक खेती से जोड़ा गया था। उन्होंने बताया कि किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए लगभग 3.50 करोड़ रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इन क्लस्टरों में 13 जैव आदान संसाधन केन्द्र भी खोले जाएंगे, जहाँ से किसान प्राकृतिक खेती में प्रयोग होने वाले घटक ले सकते हैं। इन क्लस्टरों के तहत आने वाले किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने आत्मा परियोजना के अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा ताकि लोगों को यूरिया मुक्त खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में डिपुओं के माध्यम से प्राकृतिक खेती विधि से उगाई गई मक्की के आटे की लॉन्चिंग की गई थी। उन्होंने जिला व जिले से बाहर दूसरे राज्यों के शहरी क्षेत्रों में भी इस तरह के उत्पादों को बेचने या ऑनलाइन बिक्री की संभावनाएं तलाशने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में प्राकृतिक विधि से उगाये गए उत्पादों की अधिक मांग रहती है।

बैठक में कृषि विभाग के आत्मा परियोजना निदेशक डॉ. राकेश पटियाल, जिला ग्रामीण विकास अधिकारी गोपी चन्द पाठक, सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading