नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ें युवा, ऑनलाइन शपथ लेकर बनें नशामुक्त समाज के भागीदार : एडीसी

शपथ लेने पर मिलेगा डिजिटल प्रमाण-पत्र, मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है सुविधा

मंडी, 24 जून। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत देशभर में नशा न करने की शपथ लेने का ऑनलाइन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से कोई भी युवा एवं नागरिक नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प ले सकता है।

यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं तथा युवाओं की शक्ति का समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि अधिक से अधिक युवा नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ें और नशे के खिलाफ इस जन आंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। ऐसे में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

एडीसी ने जिले के सभी युवाओं से इस राष्ट्रीय चुनौती को स्वीकार करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन शपथ लें। उन्होंने बताया कि शपथ लेने के लिए युवा नशामुक्त भारत अभियान के ई-शपथ पोर्टल https://nmba.dosje.gov.in/content/take-a-pledge पर जाकर अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं तथा नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि शपथ पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी के नाम से एक डिजिटल प्रमाण-पत्र स्वतः जनरेट हो जाता है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शपथ नहीं, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त रखने का एक महत्वपूर्ण संकल्प है।

गुरसिमर सिंह ने सभी शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा मंडलों तथा आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading