हमीरपुर 23 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मंगलवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को नशे का विरोध करने की शपथ दिलाई गई। क्यूआर कोड को स्कैन करके ऑनलाइन शपथ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
तहसील कल्याण अधिकारी पवन कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्त भारत अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्हांेने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशीले पदार्थों के दुरूपयोग के बारे में जागरुक करना और इस अभियान में युवाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों व नशा मुक्त मित्रों के माध्यम से आम लोगों की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करना तथा नशे के आदी व्यक्तियों को उचित परामर्श प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की विद्यार्थियों शिवानी, काजल और त्रिवशु ने भी नशे की समस्या पर अपने विचार रखे। इन प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सीमा देवी, भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक एवं नशा निवारण अभियान के नोडल अधिकारी सुनील कुमार, अन्य शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी, तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संदीप कुमार और दिनेश कुमार भी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.