एसडीएम सरकाघाट की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित
सरकाघाट, 23 जून।
उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट की अध्यक्षता में आज बाल विकास परियोजना गोपालपुर के अंतर्गत खंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक एसडीएम कार्यालय सरकाघाट में आयोजित की गई। बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, पोषण अभियान तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर जगदीश शर्मा, डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट की प्रधानाचार्य, नागरिक अस्पताल सरकाघाट के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त स्थानीय धार्मिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 सहित बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत अनाथ एवं निराश्रित बच्चों को प्रदान किए जाने वाले लाभों, जैसे त्योहार भत्ता, विवाह अनुदान तथा सामाजिक सुरक्षा संबंधी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी जगदीश शर्मा ने पोषण अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों तथा उनके प्रभावी कार्यान्वयन की जानकारी प्रदान की।
बैठक के दूसरे चरण में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा की गई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों तथा धार्मिक प्रतिनिधियों को बाल विवाह की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के समापन पर उपमंडलाधिकारी सरकाघाट ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा बाल विवाह जैसी प्रथाओं के विरुद्ध सामूहिक जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.