लखपति दीदी पहल से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें विभाग : गुरसिमर सिंह

जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक में योजनाओं के बेहतर समन्वय और आजीविका गतिविधियों पर जोर

मंडी, 23 जून। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लखपति दीदी पहल के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पंचायत, कृषि, बागवानी, मत्स्य विभाग, आरसेटी, एलडीएम तथा आईटीआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) गोपी चंद पाठक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति, विशेषकर चौथी तिमाही की उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में सभी विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करें। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

गुरसिमर सिंह ने कहा कि लखपति दीदी पहल का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे अधिक करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को इस पहल से जोड़ा जाए तथा उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक सशक्तता ग्रामीण विकास की आधारशिला है और लखपति दीदी पहल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में लखपति दीदी की सफलता की कहानियों पर भी चर्चा की गई तथा अन्य महिलाओं को इनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अगली बैठक में सीएलएफ तथा सीआरपी प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि जमीनी स्तर की आवश्यकताओं के अनुरूप आजीविका योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके और महिलाओं की आय वृद्धि के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading