सभी पात्र लाभार्थियों को मिले राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, यह सुनिश्चित किया जाए
पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन को लेकर एसडीएम करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 28 जून, 2026 को आयोजित किए जाने वाले पल्स पोलियों अभियान से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कर, इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम गौरव महाजन ने कहा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों को मिले, इस दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो ड्राॅप्स से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कंस्ट्रक्शन साइटों में कार्यरत श्रमिकों, दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले और घुमंतू लोगों के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो ड्राॅप्स पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पल्स पोलियो अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए, जिसके लिए सभी को एक टीम के रूप में कार्य करना होगा, तभी बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, आईसीडीसी तथा पुलिस विभाग, गर्मी के मौसम को दखेते हुए विद्युत विभाग को अभियान में पूर्ण सहयोग देने और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, एसडीएम ने करसोग बस स्टैंड तत्तापानी तथा चुराग में विशेष बूथ स्थापित कर बसों में सफर करने वाले जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों को भी पोलियो ड्राॅप्स पिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को करने और शत प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने में हर बार नई चुनौतियां और नई समस्याएं सामने आती है जिनका मुकाबला करते हुए हमें अपने लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे बच्चें जो अपने घर, गांव से घूमने या किसी अन्य मकसद से अपने परिवार के साथ दूसरे स्थानों पर चले गए है उन्हें भी पोलियो ड्राॅप्स पिलाई गई है या नहीं, उनका डाटा एकत्र कर सूची तैयार की जानी चाहिए ताकि शत प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।
एसडीएम ने कहा कि इस अभियान के दौरान करसोग क्षेत्र के 1293 गांवों के 21123 घरों में रहने वाले जीरो से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के कुल 5592 बच्चों को पोलियो ड्राॅप्स पिलाई जाएगी। इसके लिए 109 बूथ स्थापित किए गए हैं, जिन पर 436 टीम मेंबर अपनी सेवाएं देंगे।
बैठक में बीएमओ करसोग डाॅ. गोपाल चैहान ने इस अभियान से संबंधित जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए सभी बूथों पर गर्मी के मौसम के दृष्टिगत 28 जून, 2026 की सुबह ही सभी कोल्ड चेन स्टोर प्वाईंट से पोलियो की खुराक भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पोलियो ड्राॅप्स के कोई साइड इफेक्ट नहीं हैं। उन्होंने ड्राॅप्स पिलाने से पहले बच्चे के मुंह की अच्छी तरह जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्चे के मुंह में कुछ भी न हो। उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून, 2026 को घर घर में जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो ड्राॅप्स पिलाएगी ताकि कोई भी बच्चा छूट न पाए।
बैठक में डाॅ. मनीषा मितल आयुष विभाग, सीडीपीओ इंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.