नादौन 23 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आम लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरुक करने के लिए जिला हमीरपुर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवा रहे हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार को नादौन उपमंडल के गांव गलोड़ और धनेटा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नटराज कला मंच के लोक कलाकारों ने राजीव जस्सल की अगुवाई में विद्यार्थियों और अन्य लोगों को जागरुक किया। इन लोक कलाकारों ने गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशे की समस्या को रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ के परिसर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह, अन्य शिक्षक, तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से मोनिका रानी, स्कूल के विद्यार्थी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे। उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम के दौरान लेक्चरर अनुराग ठाकुर, राकेश कुमार, राजकुमार, रवि चंद, अजीत सिंह और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.