ज्वाली विधानसभा क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, कृषि मंत्री ने 10.17 करोड़ की सड़क व पुल परियोजना का किया भूमिपूजन

निर्माणाधीन गज्ज खड्ड पुल की प्रगति का किया निरीक्षण, उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ज्वाली, 23 जून। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करते हुए 10.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली रजोल-अनूही-जांगल-बग्गा सड़क तथा इसी मार्ग पर देहर खड्ड के ऊपर 102 मीटर स्पेन के पुल के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने सड़क के किनारे वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण ड्रेनेज नालियों के निर्माण पर भी विशेष बल दिया।

प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकासात्मक परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

इससे पहले कृषि मंत्री ने नगरोटा सूरियां में गज्ज खड्ड पर 86.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने पाइल फाउंडेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पाइल कार्य पूरा होने के बाद उसके ऊपर बनने वाले पुल के पिलरों का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में मजबूत आधारभूत ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहिंदर धीमान,एक्सईएन मनोहर लाल शर्मा, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन लवकेश, एक्सईएन बिजली बोर्ड विशाल पत्रवाल,पूर्व प्रधान प्रशोतम,कंपनी के अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading