डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की राज्य स्तरीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा

21 जून को अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में डेढ़ से दो हजार लोग करेंगे योगाभ्यास

हमीरपुर 19 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को यहां हमीर भवन में जिला के प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके राज्य स्तरीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि आयुष विभाग इस बार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में करने जा रहा है। सुबह 6 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास करेंगे।

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम होने के कारण इसमें योगाभ्यास करने वाले लोगों की संख्या डेढ़ से दो हजार तक या इससे अधिक भी हो सकती है। इसलिए, आयोजन स्थल पर पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी दिन दोपहर बाद नीट-यूजी की परीक्षा भी होगी। इसको देखते हुए अणु में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध करने होंगे।

उपायुक्त ने आयुष विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योगाभ्यास के लिए ग्राउंड में मैट बिछाने का कार्य, मंच निर्माण और अन्य सभी आवश्यक प्रबंध शनिवार को ही पूरे हो जाने चाहिए, ताकि रविवार सुबह निर्धारित समय पर योगाभ्यास सत्र आरंभ किया जा सके। प्रतिभागियों के पंजीकरण, पेयजल एवं रिफ्रेशमेंट वितरण के लिए पर्याप्त काउंटर लगाए जाएं। मौसम खराब होने की स्थिति में मैदान के साथ ही स्थित इंडोर स्टेडियम में वैकल्पिक प्रबंध होने चाहिए।

उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर डस्टबिन, शौचालय और सफाई की व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों से कहा कि वे योगाभ्यास सत्र के प्रतिभागी विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक पहुंचाने और वापस ले जाने के लिए समुचित प्रबंध करें, ताकि इन्हें आवाजाही में कोई दिक्कत न हो।

गंधर्वा राठौड़ ने आयुष विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस योगाभ्यास सत्र में शहर के वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading