सरकाघाट, 19 जून।
नगर परिषद सरकाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन हेतु शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम एवं प्राधिकृत अधिकारी सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने की। इस अवसर पर नगर परिषद के सभी सात पार्षद उपस्थित रहे।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिलीप ठाकुर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अतिरिक्त धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने भी मतदान किया, क्योंकि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला वार्ड संख्या-7 (बैहड़-डबरोग) आंशिक रूप से नगर परिषद सरकाघाट क्षेत्र में शामिल है। उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार शहरी निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायक भी मतदान करने के लिए पात्र हैं।
अध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-4 कलश की पार्षद ललिता तथा वार्ड संख्या-3 जमसाई की पार्षद पुष्पा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए वॉर्ड संख्या- 2 रामनगर के पार्षद अश्वनी कुमार एवं वॉर्ड संख्या 7 डबरोग से लाल सिंह ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत प्राधिकृत अधिकारी राजेंद्र कुमार गौतम ने वार्ड संख्या-3 जमसाई की पार्षद पुष्पा देवी को नगर परिषद सरकाघाट की अध्यक्ष तथा वार्ड संख्या-7 बैहड़-डबरोग के पार्षद लाल सिंह को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.