बिलासपुर, 19 जून सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बिलासपुर के सौजन्य से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशा निवारण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुखाला तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घागस में मां वैष्णो सांस्कृतिक कला मंच बरठीं द्वारा नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया कि नशा किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार तथा सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया गया।
वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदरौर में हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति के रिसोर्स पर्सन श्रीमती प्रमिला बसु एवं श्री मनशा राम द्वारा जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की जागरूकता एवं सकारात्मक सोच से ही नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इन आयोजनों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.