उद्योग विभाग ने घुमारवीं में आयोजित किया स्मार्ट एमएसएमई जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन सत्र

बिलासपुर, 19 जून : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उद्योग विभाग, जिला बिलासपुर द्वारा घुमारवीं के कुलाहरू स्थित कमधेनु होटल में स्मार्ट एमएसएमई कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों को डिजिटल रूपांतरण, उद्योग 4.0, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा सरकारी ई-बाज़ार (जेम) जैसे विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर के महाप्रबंधक मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग विभाग के अधिकारियों तथा रैम्प परियोजना के विशेषज्ञों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी औद्योगिक वातावरण में तकनीकी नवाचार और डिजिटलीकरण एमएसएमई क्षेत्र की सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने उद्यमियों का आह्वान किया कि वे उपलब्ध सरकारी योजनाओं और तकनीकी सहायता कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में रैम्प परियोजना समन्वयक तुषार शर्मा ने उद्योग 4.0, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों को अपनाने से एमएसएमई इकाइयां उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लागत कम करने और बाजार में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत करने में सक्षम हो सकती हैं।

डीआईसी शिमला के प्रशिक्षक अविनाश शर्मा ने सरकारी ई-बाज़ार (जेम) पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच एमएसएमई इकाइयों को सरकारी खरीद प्रक्रियाओं से जोड़ने और नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ शिवम जसवाल ने उद्यमियों को एआई आधारित समाधानों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आज व्यवसाय प्रबंधन, उत्पादन प्रक्रिया, ग्राहक सेवा तथा डेटा आधारित निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि एआई का प्रभावी उपयोग एमएसएमई क्षेत्र के लिए विकास और नवाचार के नए द्वार खोल सकता है।

सत्र में जिला की विभिन्न एमएसएमई इकाइयों से 35 से अधिक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर डिजिटल तकनीकों, जेम पोर्टल और एआई के व्यावहारिक उपयोग से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करवाया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading