देहरा, 19 जून: देहरा के व्यस्त हनुमान चौक पर यातायात ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिस अधिकारियों की नजर एक कार (नंबर **HR98T-1214**) पर पड़ी, जिसे बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था। वाहन के बोनट पर एक महिला बैठी हुई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति वाहन से बाहर निकला हुआ था।
पुलिस के अनुसार यह कृत्य न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि वाहन में सवार व्यक्तियों एवं सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस अधिकारी ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद यातायात पुलिस देहरा ने मामले की जांच शुरू की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद वाहन की पहचान सुनिश्चित की गई। जांच पूरी होने के उपरांत वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए **₹3500 का चालान** किया गया।

जिला पुलिस देहरा ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर इस प्रकार की लापरवाही, स्टंटबाजी और खतरनाक गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: न्यूज हिमाचल 24
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.