रक्कड़, 18 जून।
नशा मुक्त भारत अभियान (17 से 26 जून, 2026) के अंतर्गत गुरुवार को तहसील कल्याण अधिकारी संजय मेहरा, रक्कड़ के द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रक्कड़ (जिला कांगड़ा) में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यालय के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के समर्थन में नारे लगाते हुए विद्यालय परिसर से मुख्य बाजार तक रैली निकाली और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही अपने-अपने गांवों को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.