घुमारवीं, 16 जून: अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के उपलक्ष्य में 17 जून से 26 जून, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले नशा मुक्त भारत अभियान के सफल आयोजन को लेकर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) घुमारवीं गौरव चौधरी की अध्यक्षता में आज एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपमंडल अधिकारी गौरव चौधरी ने बताया कि 17 जून से 26 जून तक चलने वाले इस जागरूकता अभियान को सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सहयोग से आयोजित करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ सभाओं, जनजागरूकता रैलियों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों और इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी पहुंचाई जाएगी।
उपमंडल अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों तथा आईटीआई में भाषण प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 26 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को बल मिल सके।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.