ग्वालथाई औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट एमएसएमई जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन

बिलासपुर 16 जून 2026 जिला बिलासपुर के ग्वालथाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित ढल्स होटल में आज स्मार्ट एमएसएमई कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को डिजिटल रूपांतरण, उद्योग 4.0, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर के महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में एमएसएमई इकाइयों के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उद्यमियों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकी उन्नयन कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

विस्तार अधिकारी श्री चेतन ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की तथा औद्योगिक विकास में विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला।

डिजिटल रूपांतरण विशेषज्ञ श्री तुषार सैनी ने उद्योग 4.0, स्वचालन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), स्मार्ट विनिर्माण एवं डिजिटल तकनीकों के उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीकों को अपनाकर एमएसएमई इकाइयां अपनी उत्पादकता, गुणवत्ता तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि कर सकती हैं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता विशेषज्ञ श्री शिवम जसवाल ने औद्योगिक क्षेत्र में एआई की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एआई आधारित समाधान व्यवसायिक निर्णयों को बेहतर बनाने, कार्यकुशलता बढ़ाने तथा उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

कार्यक्रम में ग्वालथाई औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न एमएसएमई इकाइयों से 35 से अधिक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने डिजिटल परिवर्तन एवं आधुनिक तकनीकों से संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading