4 और 5 जुलाई को होगा बोह घाटी युवा उत्सव : केवल सिंह पठानिया

जिला स्तरीय दर्जा मिलने पर प्रतिनिधियों ने जताया आभार

निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर भी होगा आयोजित

शाहपुर 16जून

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित बोह घाटी युवा उत्सव इस वर्ष 4 एवं 5 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय शाहपुर मिनी सचिवालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान लिया गया। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की।

बैठक में शाहपुर उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा धारकण्डी क्षेत्र से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उपस्थित प्रतिनिधियों ने बोह घाटी युवा उत्सव को जिला स्तरीय दर्जा प्रदान किए जाने पर विधायक केवल सिंह पठानिया एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।

बैठक में युवा उत्सव के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस अवसर पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान दो सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिन के समय युवाओं एवं महिला मंडलों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में मटका फोड़, रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों का आयोजन होगा।

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ एंटी चिट्टा रैली भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उपमंडल के सभी विभागों के अपेक्षित सहयोग तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता से ऐसे आयोजन और अधिक भव्य एवं सफल बनते हैं। बैठक में यह भी सहमति बनी कि उत्सव में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि इस वर्ष पंचायत चुनावों के कारण युवा उत्सव का आयोजन जुलाई माह में किया जा रहा है, जबकि पूर्व वर्षों में यह उत्सव जून माह में आयोजित होता रहा है।

बैठक में शाहपुर के एसडीएम गणेश ठाकुर ने उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया तथा उन्हें आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप उत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, कमल पाधा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलौरिया, उपमख्य सचेतक के सलाहकार विनय,नीना ठाकुर, प्रधान ओम राज, प्रताप जरयाल, अक्षय अत्री, पप्पू, मनीष पटियाल, तरसेम जरयाल, आशीष पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उनके प्रतिनिधि एवं धारकण्डी क्षेत्र से आए गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading