बिलासपुर में शुरु हुआ जनगणना 2027 का प्रथम चरण, प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी करेंगे एकत्र— डीसी

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की अवधि खत्म

बिलासपुर, 16 जून। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिला बिलासपुर में आज से मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य आरंभ कर दिया गया है। यह महत्वपूर्ण चरण 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित जानकारी एकत्र करेंगे। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की अवधि 15 जून को समाप्त हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। प्रगणक जानकारी एकत्र करने के लिए एचएलओ मोबाइल ऐप का उपयोग करेंगे। जिन नागरिकों ने 1 जून से 15 जून 2026 के दौरान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना पूरी की है, उन्हें अपनी स्वगणना आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करवानी होगी।

राहुल कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में 80,486 लोगों ने स्वगणना की, जिनमें से 71,414 लोगों ने प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया, जबकि 9,072 लोगों ने स्वगणना शुरू की लेकिन उसे पूरा नहीं कर पाए। जिला बिलासपुर में 5,668 लोगों ने स्वगणना प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें से 5,059 लोगों ने इसे पूर्ण किया, जबकि 609 लोगों की प्रक्रिया अधूरी रही।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के दौरान प्रगणक 33 आधिकारिक प्रश्नों के माध्यम से मकान, परिवार, पेयजल, बिजली, शौचालय, खाद्यान्न तथा घरेलू सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। यह आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राहुल कुमार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए घर-घर आने वाले प्रगणकों और जनगणना कर्मियों के पहचान पत्रों पर क्यूआर कोड अंकित किए गए हैं। आम नागरिक क्यूआर कोड को स्कैन कर संबंधित कर्मचारी की पहचान सत्यापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान केवल अधिकृत कर्मचारी ही जानकारी एकत्र करेंगे।

उपायुक्त ने नागरिकों से जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करने तथा प्रगणकों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की। उन्होंने लोगों को किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, एटीएम विवरण अथवा अन्य वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगे जाते हैं। यदि कोई व्यक्ति ऐसी जानकारी मांगता है तो उस पर विश्वास न करें और इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

उन्होंने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading