सिद्धि विनायक गौशाला मूहल में हरे चारे से भरा पिकअप ट्राला किया दान, राजिंदर गुलेरिया और सुरिंदर सिंह ठाकुर की गौभक्ति को मिला जन-जन का सम्मान
प्रदीप ठाकुर
रक्कड़:15 मई:जहां आज के दौर में लोग अपने स्वार्थों तक सीमित होते जा रहे हैं, वहीं करियाडा कुंदली हार के दानवीर राजिंदर गुलेरिया और करियाडा सहकारी सभा के सचिव सुरिंदर सिंह ठाकुर मानवता, सेवा और गौभक्ति की ऐसी मिसाल पेश कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
दोनों समाजसेवियों ने एक बार फिर सिद्धि विनायक गौशाला मूहल में जीवन यापन कर रही दर्जनों बेसहारा एवं निराश्रित गौमाताओं के लिए एक पिकअप ट्राला भरकर ताजा हरा चारा दान किया। उनके इस पुनीत कार्य से गौशाला में रह रही गायों के लिए चारे की व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है।
सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि राजिंदर गुलेरिया और सुरिंदर सिंह ठाकुर पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार हर वर्ष ट्राला भरकर हरा चारा दान कर रहे हैं। बिना किसी दिखावे और प्रचार के दोनों दानवीर गौसेवा को अपना सामाजिक और नैतिक दायित्व मानते हुए इस पुण्य कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।
उनकी इस सेवा भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। गौशाला प्रबंधन समिति ने कहा कि ऐसे दानवीरों के सहयोग से ही बेसहारा गौवंश की देखभाल और संरक्षण का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। समाज को भी इनसे प्रेरणा लेकर गौसेवा और जनसेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए।
गौशाला परिसर में मौजूद लोगों ने कहा कि जब-जब गौमाताओं को चारे की जरूरत होती है, तब-तब ये दोनों समाजसेवी बिना किसी आग्रह के सेवा के लिए आगे आते हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.