राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया बल
मंडी 15 जून। क्षेत्रीय कार्यालय शिमला एवं क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से संस्कृति सदन मंडी में त्रैमासिक हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप महानिदेशक दीपक मेहरा ने की।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी तथा सह-प्राध्यापक डॉ होशियार सिंह ने राजभाषा हिंदी के महत्व, सरकारी कार्यालयों में इसके प्रभावी प्रयोग तथा हिंदी भाषा के विकास एवं संवर्धन में सभी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी के व्यापक प्रयोग से प्रशासनिक कार्य अधिक सरल, प्रभावी और जनसुलभ बनते हैं।
उप महानिदेशक दीपक मेहरा ने अपने संबोधन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
उप निदेशक आयुषी मिश्रा एवं अजय कुमावत ने भी अपने विचार साझा करते हुए हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक अमित कुमार सहित दोनों क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.