परागपुर स्कूल में सुनील चौहान लगातार 11वीं बार बने एसएमसी प्रधानअभिभावकों ने फिर दिखाई एकजुटता, विकास कार्यों पर लगी मुहर; रिकॉर्ड 11वीं बार मिला नेतृत्व का ताज

प्रदीप ठाकुर

रक्कड़:15जून: राजकीय आदर्श बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परागपुर में सोमवार को आयोजित स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव में एक बार फिर सुनील चौहान का दबदबा कायम रहा। विद्यालय विकास, अनुशासन और जनसहभागिता को लेकर किए गए कार्यों के दम पर अभिभावकों ने उन पर लगातार 11वीं बार भरोसा जताते हुए एसएमसी प्रधान चुन लिया।

प्रधानाचार्य सीमा कौशल की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और लोकतांत्रिक माहौल देखने को मिला। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा सुनील चौहान को बधाइयों का तांता लग गया।

लगातार 11वीं बार प्रधान चुना जाना इस बात का प्रमाण माना जा रहा है कि विद्यालय के अभिभावकों और समिति सदस्यों का उनके नेतृत्व पर अटूट विश्वास बना हुआ है। शिक्षा, अनुशासन और विद्यालय के सर्वांगीण विकास को लेकर उनके प्रयासों को अभिभावकों ने खुलकर सराहा और एक बार फिर नेतृत्व की जिम्मेदारी उनके हाथों में सौंप दी।

इस अवसर पर नई एसएमसी का भी गठन किया गया, जिसमें रूचि शर्मा, सपना, अंजना, सन्नी, अरविंद शर्मा, आरती शर्मा, विवेक शर्मा (प्रवक्ता), हरपाल पटियाल सहित अन्य सदस्यों को समिति में मनोनीत किया गया।

सुनील चौहान ने चुनाव के बाद सभी अभिभावकों और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि पूरे विद्यालय परिवार का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालय के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य जारी रहेगा।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading