सुबह 5 बजे से मैदान में उतरीं टीमें, टारना में महुनाग मंदिर के पास बंद पुलिया से मलबा हटाने के लिए जेसीबी और टिपर लगाए गए
मंडी, 17 जून। मंडी शहर में हुई भारी वर्षा के कारण विभिन्न स्थानों पर नालियों एवं नालों के अवरुद्ध होने से उत्पन्न जलभराव और जल निकासी की समस्या को देखते हुए नगर निगम मंडी ने सभी वार्डों में विशेष सफाई एवं जल निकासी अभियान शुरू किया है। टारना स्थित महुनाग मंदिर के पास बंद पड़ी पुलिया से मलबा हटाने के लिए जेसीबी और टिपर लगाए गए ।
नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करने के बाद शहर के संवेदनशील एवं संभावित जलभराव वाले स्थानों की पहचान की गई है। इसके आधार पर नालियों एवं नालों की सफाई के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न टीमों का गठन किया गया है, ताकि राहत एवं सफाई कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकें।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें बुधवार सुबह 5 बजे से ही विभिन्न प्रभावित एवं संभावित अवरुद्ध स्थलों पर सक्रिय हैं। अभियान के तहत पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों, फील्ड स्टाफ और आवश्यक मशीनरी को तैनात किया गया है। जेसीबी मशीनों की सहायता से नालों एवं नालियों में जमा मिट्टी, मलबा, झाड़ियां तथा ठोस अपशिष्ट को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
रोहित राठौर ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में टीमें समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे नालियों एवं नालों में कूड़ा-कचरा, निर्माण सामग्री, मिट्टी अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है और वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर निगम मंडी जन सुविधाओं की बहाली और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों की भी व्यवस्था की जाएगी।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.