युवाओं को नशे से दूर रखने में समाज का सहयोग अपेक्षित – मनमोहन शर्मा

धर्मपुर में एंटी चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी जन जागरूकता ही इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने का सशक्त माध्यम है। मनमोहन शर्मा आज राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में एंटी चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन समाज विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आज नशा प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंच गया है। युवाओं को चिट्टा व अन्य मादक पदार्थों से दूर रखने के लिए प्रशासन व नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा ताकि नशे को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को प्रशासन व पुलिस तक पहुंचाएं ताकि इसे रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गुप्त रखा जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि ज़िला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है ताकि नशे पर रोक लगाई जा सके।

मनमोहन शर्मा ने अध्यापकों व अभिभावकों से भी आग्रह किया कि बच्चों पर ध्यान दें। बच्चों की आदतों, मेलजोल व अन्य कार्यों पर नज़र रखें और किसी भी प्रकार के परिवर्तन को समझें ताकि उन्हें नशे की ओर जाने से रोका जा सके।

इस अवसर पर छात्रों द्वारा नशा निवारण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

ग्राम पंचायत धर्मपुर के प्रधान महेश गुप्ता, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर की प्रधानाचार्य धर्मवीर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पाठशाला के अध्यापक व छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading