ग्राम पंचायत सेगल, दुमट बहली एवं चौकी के संयुक्त तत्वावधान में दुमट बहली केंद्र में तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आपदा रक्षकों की टीम तैयार करना है।
कार्यक्रम में महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा वार्ड सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को आपदा रक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में समुदाय की सहायता कर सकें।
मास्टर ट्रेनर दिले राम ने प्रशिक्षण के दौरान प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं, उनसे बचाव के उपायों, आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों, प्राथमिक उपचार तथा सामुदायिक आपदा प्रबंधन की तैयारियों संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सही जानकारी, त्वरित प्रतिक्रिया और सामुदायिक सहयोग से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सेगल के प्रधान मोहन लाल, ग्राम पंचायत दुमट बहली की प्रधान डिमेश्वरी देवी तथा ग्राम पंचायत चौकी की प्रधान शशि कला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं भी प्रशिक्षण प्राप्त कर आपदा प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
वक्ताओं ने कहा कि आपदा प्रबंधन समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही प्रभावी बन सकता है। उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने और आपदा जोखिम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.