सर्वांगीण विकास के लिए बच्चे एनसीसी, एनएसएस सहित अन्य गतिविधियों में निरंतर लें भाग: राजेश धर्माणी

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कपाहड़ा स्कूल के विद्यार्थियों के साथ किया संवाद

स्कूली बच्चों ने मंत्री से पूछे सवाल, करियर विकल्पों को लेकर किया मार्गदर्शन

घुमारवीं (बिलासपुर), 19 जून: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाहड़ा में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए एनसीसी, एनएसएस सहित अन्य गतिविधियों में निरंतर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। ऐसे में विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करते हुए निरंतर कड़ी मेहनत करें।

उन्होंने बच्चों को कछुआ और खरगोश की कहानी का अर्थ समझाते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयासरत रहने पर मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई सहित अन्य किसी भी कार्य को पूरी लगन, एकाग्रता तथा समर्पण भाव के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा जीवन अनमोल है, इसलिए बच्चे स्वयं को तनाव से दूर रखें तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करें। उन्होंने कहा कि जब वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगे, तभी देश और समाज के लिए बेहतर योगदान दे पाएंगे।

राजेश धर्माणी ने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने तथा अपने आहार में प्राकृतिक एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लिए अच्छी पुस्तकों का नियमित अध्ययन करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही जीवन में एक अच्छे मित्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि अच्छा मित्र व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे व्यक्तियों को अपना मित्र बनाने का आग्रह किया जो उनके हितैषी हों। उन्होंने स्कूली बच्चों को “आज से दस वर्ष बाद मैं स्वयं को किस रूप में देखना चाहता/चाहती हूं” विषय पर निबंध लिखने के लिए भी कहा। उन्होंने बताया कि सर्वश्रेष्ठ 12 लड़कों तथा 12 लड़कियों के निबंधों को पुरस्कृत किया जाएगा।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के अनुसार जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में नए-नए करियर विकल्प उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से न केवल रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, बल्कि विद्यार्थी जीवन में नई ऊंचाइयों को भी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में प्रत्येक व्यक्ति अलग है, इसलिए स्वयं की तुलना दूसरों से करने के बजाय अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी एकाग्रता के साथ लगातार प्रयासरत रहना चाहिए।

स्कूली बच्चों ने मंत्री से पूछे सवाल, करियर विकल्पों को लेकर किया मार्गदर्शन

इस दौरान सातवीं कक्षा की छात्रा मानवी ने स्कूल बस सुविधा उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया। इस पर राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं के लिए परिवहन क्षेत्र में एक नई योजना लेकर आ रही है। इसके तहत डीजल वाहन खरीदने पर 30 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बेटियों को किराये में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी, जबकि स्कूल एवं कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही इस योजना को लागू करने जा रही है।

नौवीं कक्षा के छात्र शौर्यांस ने विद्यालय में अभी तक एनसीईआरटी की पुस्तकें उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने कहा कि पुस्तकें जल्द ही विद्यार्थियों को उपलब्ध करवा दी जाएंगी। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी गर्वित ने स्कूल में विज्ञान ब्लॉक की सुविधा उपलब्ध न होने की बात रखी। इस पर राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि यह सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा संजीवनी शर्मा ने सेना में करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में जानकारी प्राप्त की, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने मेडिकल, नॉन-मेडिकल तथा अन्य विषयों में भविष्य की संभावनाओं को लेकर प्रश्न पूछे।

उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के नवीन उपकरणों एवं तकनीकों से सीखने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण के प्रति स्पष्टता रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करने तथा दूसरों के अधिकारों का सम्मान करते हुए जीवन में आगे बढ़ने का भी आह्वान किया।

संवाद कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों ने जताया आभार

विद्यालय के विद्यार्थियों गर्वित, पारस कुमार, मानवी, भूमि ठाकुर, हिमांशु, शानवी ठाकुर, राधिका शर्मा सहित अन्य विद्यार्थियों ने संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें न केवल जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, बल्कि लक्ष्य निर्धारण में भी सहायता मिली।

इससे पूर्व उपनिदेशक, उच्च शिक्षा, नरेश चंदेल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए संवाद सत्र आयोजित करने पर उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चमन लाल ठाकुर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कर्म सिंह सहित विद्यालय के अध्यापक उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading