एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता, नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सशक्त पहल : डीसी
बिलासपुर, 19 जून: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 17 से 26 जून, 2026 तक आयोजित किए जा रहे नशा मुक्त भारत सप्ताह के दौरान जिला बिलासपुर में जन जागरूकता गतिविधियों को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत अब तक जिलाभर में एक लाख से अधिक नागरिक विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय रूप से जुड़ चुके हैं। यह सहभागिता नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जिले की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संकल्प को साकार करने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। नशा मुक्त भारत अभियान को जिला प्रशासन के ‘प्रहार’ कार्यक्रम से भी जोड़ा गया है, जिससे नशे के विरुद्ध जनजागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिला के सभी उपमंडलों, पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह संकेत देती है कि समाज नशे के खिलाफ एकजुट होकर सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि नशे के प्रति शून्य सहिष्णुता का सामाजिक वातावरण तैयार करना है।
जिला के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पेंटिंग, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण समारोह तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई जा रही है। अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए जिला तथा उपमंडल स्तर पर विशेष व्हाट्सएप समूह गठित किए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों का विवरण राष्ट्रीय पोर्टल पर भी नियमित रूप से अपलोड किया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भी नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और आत्मअनुशासन को सुदृढ़ करता है।
उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को अपराधी नहीं बल्कि उपचार और पुनर्वास की आवश्यकता वाले रोगी के रूप में देखा जाना चाहिए। ऐसे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में परिवार और समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिला प्रशासन द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों के माध्यम से घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए 22 जून को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जिला के सभी नागरिकों से ‘नशा मुक्त मित्र’ के रूप में इस जनआंदोलन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से बिलासपुर को नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त जिला बनाया जा सकता है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.