मनाली, 23 जून: हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में उप मंडलीय विधिक सेवा समिति मनाली के तत्वावधान में सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनगां में “सशक्त, समर्थ एवं समरस समाज–संवैधानिक लक्ष्य” विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता उप मंडलीय विधिक सेवा समिति मनाली के अध्यक्ष एवं सिविल जज एवं जेएमएफसी, राहुल वर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक प्रावधानों की जानकारी दी।
राहुल वर्मा ने कहा कि विधिक जागरूकता एक सशक्त और समरस समाज की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अपने जीवन के लक्ष्य और करियर निर्माण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र का भविष्य हैं और शिक्षा, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से ही वे अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में सहायक जिला न्यायवादी मनाली उमेन्द्र परमार, थाना पतलीकूहल के प्रभारी रजत, ग्राम पंचायत पनगां की प्रधान शालू तथा उपप्रधान विजय प्रकाश, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम ठाकुर, प्राथमिक विद्यालय के मुख्य अध्यापक लाल चंद सहित विद्यालय के अध्यापकगण, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.