पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर बिलासपुर में आयोजित हुआ स्वनिधि महोत्सव

सहायक आयुक्त राजकुमार ने लाभार्थियों को किया सम्मानित, आत्मनिर्भरता और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने का किया आह्वान

बिलासपुर, 23 जून: प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर परिषद द्वारा आज टाउन हॉल बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त बिलासपुर राजकुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना कोविड-19 महामारी के दौरान प्रभावित हुए रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए वरदान साबित हुई है। योजना के माध्यम से लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध करवाया गया है, जिससे उनके रोजगार और आजीविका को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय रूप से सशक्त बनाकर उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ना है।

उन्होंने लाभार्थियों से डिजिटल भुगतान को अपनाने तथा समय पर ऋण अदायगी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे भविष्य में अधिक ऋण सुविधाओं और अन्य लाभों का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन में नगर परिषद, बैंकों तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की भूमिका की भी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि योजना से प्राप्त ऋण ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है। एलडीएम यूको बैंक द्वारा डिजिटल लेन-देन एवं वित्तीय साक्षरता पर प्रशिक्षण दिया गया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशा निवारण विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

नगर परिषद बिलासपुर के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी ने योजना की उपलब्धियों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स को कार्यशील पूंजी ऋण, सात प्रतिशत ब्याज अनुदान, डिजिटल लेन-देन पर कैशबैक तथा क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘पीएम स्वनिधि से समृद्धि’ पहल के माध्यम से लाभार्थियों और उनके परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।

इस अवसर पर डिजिटल लेन-देन, ऋण अनुशासन तथा योजना के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स, स्वयं सहायता समूहों, बैंकों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही लाभार्थियों को पहचान पत्र, क्रेडिट कार्ड तथा अन्य प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अधिकारियों तथा स्ट्रीट वेंडर्स ने भाग लिया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading