गंगथ, 24 जून। नशीले पदार्थों के दुरुपयोग तथा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गंगथ में नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में संस्थान के प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों तथा स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। प्रशिक्षुओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न नारे लगाए तथा आमजन से नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यवाहक तहसील कल्याण अधिकारी,इंदौरा अनूप सिंह ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है, जिससे विशेष रूप से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने सभी से नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
रैली के समापन पर प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संकल्प लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.