28 जून को जिले में 26,901 बच्चों को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की खुराक : डीसी

273 बूथों और 534 टीमों का किया गया गठन, विशेष ट्रांजिट प्वाइंट पर भी दी जाएगी पोलियो रोधी खुराक

बिलासपुर, 24 जून: जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में आज जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (आईपीपीआई), एचपीवी टीकाकरण तथा स्टॉप डायरिया अभियान-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिले में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 26,901 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 273 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं तथा 534 टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विशेष रूप से प्रवासी एवं संवेदनशील आबादी पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न ट्रांजिट प्वाइंट पर भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इनमें मार्कण्डेय ब्लॉक के घाघस पुल, घुमारवीं ब्लॉक के बस अड्डा घुमारवीं तथा श्री नैना देवी जी ब्लॉक के रोप-वे, बस अड्डा श्री नैना देवी जी और पुलिस बैरियर ग्वालथाई शामिल हैं। इन स्थानों पर तैनात टीमें यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाएंगी।

उपायुक्त ने बताया कि जो बच्चे 28 जून को पोलियो की खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी।

उन्होंने सभी एसडीएम एवं खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को अभियान के लिए आवश्यक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में वाहन संबंधी कोई समस्या हो तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दी जाए। एसीसी बरमाणा, कोलडैम हरनोड़ा, आरवीएनएल श्री नैना देवी जी तथा अल्ट्राटेक बग्गा को स्वास्थ्य विभाग के लिए दो-दो वाहन उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जिन विद्यालयों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं उन्हें 28 जून को खुला रखने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सभी ट्रांजिट प्वाइंट पर पुलिस कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने आयुर्वेद विभाग को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिन आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं उन्हें निर्धारित तिथि पर खुला रखने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता उपलब्ध नहीं हैं, वहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोलियो बूथों पर अपनी सेवाएं प्रदान करें।

उपायुक्त ने सभी विभागों से समन्वित प्रयासों के साथ अभियान को सफल बनाने तथा यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, आयुष विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading