प्रशिक्षुओं ने चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
सरकाघाट, 25 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से तहसील कल्याण अधिकारी बलद्वाड़ा एवं अतिरिक्त कार्यभार तहसील कल्याण अधिकारी सरकाघाट पूनम शर्मा के मार्गदर्शन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मोहीं तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बतैल में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में अग्रसर होना चाहिए।
आईटीआई मोहीं में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत गोपालपुर के प्रधान पवन कुमार ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे विशेष रूप से युवावर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, ऊर्जा और जागरूकता से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
जागरूकता शिविर के अंतर्गत दोनों संस्थानों के प्रशिक्षुओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
दोनों संस्थानों के प्रधानाचार्यों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक युवा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर पूनम शर्मा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को प्रदान की।
कार्यक्रम में आईटीआई मोहीं एवं आईटीआई बतैल के प्रशिक्षु, अनुदेशकगण, कर्मचारी तथा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय सरकाघाट से हरजिंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आईटीआई बतैल के प्रधानाचार्य तारा चंद धीमान, अनुदेशक एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.