जसवां-परागपुर, 30 जून।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर से सोमवार रात बेटी की डोली बड़े अरमानों के साथ विदा हुई थी, उसी घर में मंगलवार सुबह बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दिनेश शर्मा पुत्र घनश्याम शर्मा के रूप में हुई है। दिनेश अपनी बहन की शादी के बाद उसे तलवाड़ा ससुराल छोड़कर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में बढ़ाल के समीप उसकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद दिनेश किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया और सड़क किनारे मदद का इंतजार करता रहा, लेकिन सुबह का समय होने के कारण काफी देर तक कोई वहां नहीं पहुंचा। काफी समय बाद स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरेस थाना के प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
छह माह बाद होनी थी शादी
इस हादसे का सबसे भावुक पहलू यह है कि दिनेश शर्मा का विवाह भी करीब छह महीने बाद तय था। परिवार बेटी की शादी की खुशियों के बाद बेटे की शादी की तैयारियों में जुटने वाला था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
जिस आंगन में रातभर शहनाइयों की गूंज थी, वहीं सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। जिसने रात को अपनी बहन की डोली को विदा किया था, उसी भाई की कुछ घंटों बाद अर्थी उठानी पड़ी।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.