दूसरे चरण के लिए 82 पंचायतों में सज गए 466 बूथ

वीरवार को सुबह 7 से सायं 3 बजे तक होगा मतदान

हमीरपुर 27 मई। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में जिला हमीरपुर की 82 ग्राम पंचायतों में वीरवार को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक होने वाले मतदान और उसके बाद मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी 466 मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच गए हैं। इन मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी वीरवार सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू करने के प्रबंधों में जुट गए हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इन 82 पंचायतों में प्रधान एवं उपप्रधान के कुल 164 पदों और पंचायत सदस्यों के कुल 466 पदों के अलावा इनके अंतर्गत आने वाले जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी मतदान होगा।

दूसरे चरण में नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों में 115 बूथ बनाए गए हैं। बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों में 99 बूथ, बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42 बूथ, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों में 91 बूथ, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों में 75 बूथ और सुजानपुर की 8 पंचायतों में 44 बूथ बनाए गए हैं।

मतदान का समय सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक रहेगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम वीरवार शाम को ही घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आरंभ होगी।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading