जोगिंद्रनगर, 22 अप्रैल : आंगनवाड़ी केंद्र द्रुबल में पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क विकास को अधिकतम करना” रही, जिसके तहत बच्चों के प्रारंभिक विकास एवं पोषण पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राजकीय प्राथमिक पाठशाला द्रुबल के मुख्यध्यापक नित्यानंद ने की। इस अवसर पर महिला मंडल प्रधान अंजना, पर्यवेक्षिका जयवंती सहित अन्य ग्रामीण महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को बच्चों के शुरुआती छह वर्षों में सही पोषण, उचित देखभाल तथा मानसिक विकास के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया। साथ ही संतुलित आहार, स्तनपान, पूरक आहार तथा बच्चों के समुचित विकास हेतु खेल आधारित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करने, आंगनवाड़ी केंद्रों की सफलता में समुदाय के सहयोग तथा जंक फूड के सेवन में कमी लाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
मुख्यध्यापक नित्यानंद ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, इसलिए प्रत्येक परिवार को पोषण एवं देखभाल के प्रति जागरूक होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पोषण स्टॉल में प्रदर्शित पौष्टिक खाद्य पदार्थों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई तथा संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया गया।
यह आयोजन समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.