शिक्षा में गुणवत्ता और संसाधनों के सुदृढ़ीकरण पर जोर : राकेश कंवर

कुल्लू, 20 अप्रैल — सचिव, शिक्षा, एमपीपी एवं पावर तथा सूचना एवं जनसंपर्क, श्री राकेश कंवर ने सोमवार को कुल्लू दौरे के दौरान बहुउद्देश्यीय भवन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपनिदेशक शिक्षा देश राज और सुनील दत्त ठाकुर सहित ज़िले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सचिव ने ज़िले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं और विशेष रूप से सीबीएसई पैटर्न में परिवर्तित किए गए विद्यालयों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कुल्लू ज़िले में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुल्लू, भुंतर, मनाली, आनी और बंजार के साथ-साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बागा सराहन को सीबीएसई स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। इन विद्यालयों में परिवर्तन के बाद छात्र नामांकन (एनरॉलमेंट) में हुई वृद्धि पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया।

सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल सीबीएसई स्कूलों का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों को भी समान रूप से सुदृढ़ बनाना है, ताकि प्रत्येक छात्र को बेहतर और प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा का अवसर मिल सके।

बैठक में उपस्थित प्रधानाचार्यों से संवाद करते हुए राकेश कंवर ने उनके सुझाव भी आमंत्रित किए और आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में स्थिरता और विश्वास बना रहे। इससे अभिभावकों और शिक्षकों दोनों के बीच भरोसा बढ़ा है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है , ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यालयों या विद्यार्थियों ने किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उन्हें व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए, जिससे अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिले और अभिभावकों का विश्वास भी सरकारी संस्थानों के प्रति अधिक सुदृढ़ हो।

कंवर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि , अध्यापकों के रिक्त पदों, आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए ज़िला एवं ब्लॉक स्तर से शीघ्र प्रस्ताव कर उन्हें प्रेषित करें, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि शिक्षा विभाग प्रदेश का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण विभाग है, जिसकी मजबूती से ही राज्य का समग्र विकास संभव है।

दौरे के दौरान राकेश कंवर ने पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर और बजौरा का निरीक्षण भी किया तथा वहां की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर अधिकारियों और शिक्षकों ने भी शिक्षा क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर संतोष व्यक्त किया और सरकार की पहलों को सराहा।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading