15 को मैगा मॉक एक्सरसाइज में चलाए जाएंगे रेस्क्यू ऑपरेशन : गंधर्वा राठौड़

शुक्रवार को दिन भर चली टेबल टॉप एक्सरसाइज में तय की गई रूपरेखा

हमीरपुर 12 जून। किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से तथा तत्परता के साथ अंजाम देने के अभ्यास के लिए इस वर्ष 15 जून को आयोजित की जा रही प्रदेशव्यापी दसवीं मैगा मॉक एक्सरसाइज के तहत जिला हमीरपुर में भी कई स्थानों पर यह एक्सरसाइज की जाएगी। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से आयोजित की जा रही इस मैगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज की गई।

टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद जिला के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस बार यह मैगा मॉक एक्सरसाइज सुबह और शाम के समय दो बार की जाएगी। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने से आने वाली बाढ़ और वनों की आग जैसी घटनाओं से बचाव एवं राहत कार्यों को घटना प्रतिक्रिया प्रणाली यानि इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 9ः15 बजे जिला में रिक्टर पैमाने पर 8.0 की तीव्रता वाले भूकंप के परिदृश्य का अलर्ट जारी किया जाएगा। इस भूकंप के कारण जिला के कुछ स्थानों पर होने वाले नुक्सान की सूचना जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) को प्राप्त होगी और इसके तुरंत बाद जिले में आईआरएस सक्रिय हो जाएगा। सबसे पहले नुक्सान वाले स्थानों पर स्थानीय समुदाय की प्रतिक्रिया देखी जाएगी और उसके बाद बचाव दलों को घटनास्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि ये बचाव दल बहुतकनीकी कालेज बड़ू, मसियाणा चौक, पियाडकर, मिनी सचिवालय सुजानपुर, गांव टीहरा, मिनी सचिवालय नादौन, कोहला और अन्य स्थानों पर मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएंगे। इन सभी घटनास्थलों के लिए बचाव दल और अन्य सामग्री को भेजने तथा सभी आवश्यक संसाधनों का पर्याप्त उपयोग सुनिश्चित करने के लिए दोसड़का के पुलिस मैदान, सीनियर सेकंडरी स्कूल सुजानपुर और मिनी सचिवालय परिसर नादौन में स्टेजिंग एरिया स्थापित किए जाएंगे।

इसी प्रकार, सोमवार शाम को ही 7 बजे हमीरपुर के हीरानगर, सुजानुपर के करोट और नादौन के टिल्लू के जंगलों में आग की घटनाओं के परिदृश्य के अनुसार बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।

उपायुक्त ने जिला के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय वालंटियरों, आपदा मित्रों तथा आम लोगों से भी मैगा मॉक एक्सरसाइज में सक्रियता एवं गंभीरता के साथ भाग लेने की अपील की है, ताकि भविष्य में वास्तविक आपदा आने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए जिला हमीरपुर में एक बेहतरीन तंत्र विकसित किया जा सके।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading