संवाद कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की अपील
हमीरपुर 12 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला में नशे की समस्या के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की कड़ी में शुक्रवार को यहां बचत भवन में हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों और नशा निवारण समितियों के सदस्यों के साथ संवाद किया।
जिला रैडक्रॉस सोसाइटी द्वारा शिक्षा विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, कुठेड़ा, बोहनी, चबूतरा, डिडवीं, मटाहणी, कोट, राजकीय उच्च पाठशाला डुग्घा, गुलेला और सासन के विद्यार्थियों और नशा निवारण समितियों के सदस्य शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि नशे के सेवन एवं तस्करी के विरुद्ध पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियां लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन इस समस्या को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए आम लोगों की भागीदारी भी बहुत जरूरी है। उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों से शिक्षण संस्थानों के आस-पास कड़ी नजर रखने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर तुरंत सूचना देने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने भी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। कई विद्यार्थियों ने भी नशे की समस्या और इसके निवारण पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। नशा निवारण समितियों के सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा, जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.