बिलासपुर, 06 मई: जिला बिलासपुर में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दृष्टिगत अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर ओम कांत ठाकुर ने आज को सदर उपमंडल के अंतर्गत स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव संबंधित स्ट्रांग रूम, ब्लॉक कार्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम, किसान भवन में बनाए गए बीडीसी एवं जिला परिषद चुनावों के स्ट्रांग रूम सहित नगर परिषद कार्यालय में स्थापित ईवीएम स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाये रखने में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्ट्रांग रूम की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया ताकि नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाए जा सकें।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.