8 मई को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर, बिलासपुर में होगा आयोजन
बिलासपुर, 06 मई: भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह का आयोजन कर रही है। समारोह के सफल आयोजन को लेकर बचत भवन में आज एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर, ओम कांत ठाकुर ने की।
बैठक में 8 मई को आयोजित होने वाले विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। यह समारोह बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक परिसर, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, शाखा बिलासपुर के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें रक्तदान शिविर, बेबी शो, स्वास्थ्य जांच शिविर, गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी, नशामुक्त बिलासपुर तथा साइबर सुरक्षा आदि पर जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। इस वर्ष रेड क्रॉस दिवस का आयोजन यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी (मानवता में एकता) थीम पर आधारित रहेगा, जो समाज में सहयोग, सेवा और एकजुटता के संदेश को सशक्त करेगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ही विश्व रेड क्रॉस दिवस आयोजन को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने रेड क्रॉस दिवस समारोह में रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा से जुड़े सभी आजीवन सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता पर भी बल दिया, ताकि विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह के आयोजन के माध्यम से समाज में सेवा और मानवता के मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों के सहयोग से विश्व रेड क्रॉस दिवस का यह आयोजन न केवल सफल रहेगा, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और परस्पर सहयोग के मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक का संचालन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव अमित कुमार ने किया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.