रेड क्रॉस और सामर्थ्य योजना बनीं जरूरतमंदों का सहारा, 17 लक्की ड्रॉ विजेताओं को चेक और जरूरतमंद महिलाओं को मिली सिलाई मशीनें

उपायुक्त ने समाजसेवा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर दिया बल

ऊना, 12 जून। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी ऊना के सौजन्य से शुक्रवार को बचत भवन ऊना में लक्की ड्रा विजेताओं को पुरस्कार वितरण तथा सामर्थ्य योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान करने के लिए एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऊना एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष जतिन लाल ने की। इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणु सहरावत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के 17 लक्की ड्रा विजेताओं को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सामर्थ्य योजना के अंतर्गत 15 पात्र महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त रेड क्रॉस टिकटों की सर्वाधिक बिक्री करने वाले विभागों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी ऊना से चार नए पैट्रन सदस्य भी जुड़े, जिनमें उपायुक्त जतिन लाल, सुरिंदर कुमार, राकेश कौशल तथा सुरेश कुमार शर्मा शामिल हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी मानवता और सेवा का प्रतीक है, जो बीमार, असहाय, जरूरतमंद एवं आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के आयोजन से लेकर सामाजिक कल्याण और आपदा राहत कार्यों तक रेड क्रॉस समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी रेड क्रॉस की गतिविधियों से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।

*लक्की ड्रा विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार*

उपायुक्त ने लक्की ड्रा के 17 विजेताओं को नकद पुरस्कार, मिक्सर ग्राइंडर, प्रेशर कुकर और दीवार घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया। लक्की ड्रा में खुशी राम चौधरी को 70 हजार रुपये, राजीव कुमार को 50 हजार रुपये तथा पवन कुमार को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा जोगिंदर पाल, आर्यन राणा और कमलजीत कौर को 2,500-2,500 रुपये, जबकि राकेश कुमार, ऋतु रानी, रजनी शर्मा और अनूप कुमार को 2-2 हजार रुपये तथा सुरिंदर मोहन को 500 रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं ललिता देवी और नरेश को मिक्सर ग्राइंडर, शिवशाशी पुरी को प्रेशर कुकर तथा सनम को दीवार घड़ी भेंट की गई।

सामर्थ्य योजना से महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का संबल

उपायुक्त ने कहा कि ऊना जिले में युवा एवं महिला कल्याण को समर्पित सामर्थ्य योजना निर्धन परिवारों की बेटियों और महिलाओं के लिए आशा की नई किरण बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा कौशल विकास से जुड़ी अनेक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई छोड़ चुकी अनेक बालिकाएं इस योजना का लाभ उठाकर पुनः शिक्षा से जुड़ रही हैं और अपने भविष्य को नई दिशा दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान करने का उद्देश्य उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सामर्थ्य योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, उनमें रजनी देवी, स्वर्णी देवी, अमरजीत, श्वेता रानी, सपना, उर्मिला, कविता, रेखा देवी, परवीन कुमारी, तोता बीबी, नीलम रानी, पूजा देवी, बंदना कुमारी, सानिया बुहल और हसीना बीबी सहित अन्य पात्र महिलाएं शामिल रहीं।

जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणु सहरावत ने रेड क्रॉस सोसाइटी की जनहितकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में रेड क्रॉस और सामर्थ्य जैसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से अधिक से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा और समाज में सेवा, सहयोग तथा आत्मनिर्भरता की भावना और मजबूत होगी।

इस अवसर पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading