कम शुल्क, बेहतर सुविधाएं… युवाओं के लिए किफायती खेल केंद्र साबित हो रहा ऊना का इंडोर स्टेडियम

ऊना, 8 मई. आधुनिक खेल सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध होने से ऊना का इंडोर स्टेडियम जिले के युवाओं के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित हो रहा है। बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी सुविधाएं यहां कम शुल्क पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे खिलाड़ी, विद्यार्थी और फिटनेस के प्रति जागरूक युवा बेहतर सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी प्रिंस पठानिया ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सुविधा के लिए बच्चों से 300 रुपये और अन्य वर्गों से 600 रुपये मासिक शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, जिम सुविधा के लिए बच्चों से 500 रुपये तथा अन्य वर्गों से 1000 रुपये मासिक शुल्क लिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में इसी प्रकार की सुविधाओं के लिए बैडमिंटन कोर्ट पर सामान्यतः 1000 से 2000 रुपये और जिम सुविधा के लिए 1500 से 3000 रुपये तक मासिक शुल्क लिया जाता है। ऐसे में इंडोर स्टेडियम युवाओं को कम खर्च में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है।

श्री पठानिया ने कहा कि उपायुक्त जतिन लाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का फोकस खेल सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर है।

इस संबंध में उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ और किफायती खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने का है, ताकि अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों और फिटनेस से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से जिले में खेल अधोसंरचना को निरंतर मजबूत किया जा रहा है।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading