सुंदरनगर, 16 अप्रैल 2026।
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा नगर परिषद सुंदरनगर के सहयोग से हिमाचल दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “स्वच्छ जल – सुरक्षित पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” रही।
क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रभारी चमन लाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम जनता को जल प्रदूषण के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इसके अंतर्गत नरेश चौक, बस स्टैंड, अंबेडकर नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता गतिविधियाँ चलाई गईं। यह अभियान न केवल स्वच्छता की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ, बल्कि आम जनता में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नगर परिषद सुंदरनगर के लगभग 120 सफाई कर्मियों तथा क्षेत्रीय प्रयोगशाला के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संयुक्त प्रयासों से विभिन्न स्थानों से लगभग 2.5 क्विंटल ठोस कचरा एकत्रित किया गया, जिसे वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण हेतु नगर परिषद को सौंप दिया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद सुंदरनगर की ओर से बलबीर सोनी उपस्थित रहे, जबकि क्षेत्रीय प्रयोगशाला की ओर से कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी रेनू बाला, शबनम, पूजा शर्मा सहित विनोद कुमार, मोहिंदर सिंह, बेली राम और गोपिंदर सिंह मौजूद रहे। कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी शबनम ने कहा कि जल स्रोतों में कचरा फेंकना गंभीर पर्यावरणीय खतरा है और स्वच्छता अपनाने से पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहता है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.