सुंदरनगर, 13 मई 2026।
आगामी 17 मई को प्रस्तावित नगर परिषद सुंदरनगर चुनाव-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के सभागार में मतदान कर्मियों की दूसरी चुनावी रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल में 104 मतदान कर्मियों तथा 6 सेक्टर अधिकारियों ने भाग लिया। मतदान कर्मियों में 26 पीआरओ, 26 एपीआरओ तथा 52 पीओ शामिल रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मतदान कर्मियों को ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान प्रक्रिया, मतदाता पहचान, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित अन्य संबंधित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ईवीएम डेमो काउंटर भी स्थापित किया गया, जहां मतदान कर्मियों को ईवीएम के प्रयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने रिहर्सल में उपस्थित मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी सदस्य अपनी टीम के साथ समन्वय बनाए रखे तथा ईवीएम की पूरी जिम्मेदारी और निगरानी सुनिश्चित करे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान केवल सरकारी वाहनों का ही उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से चुनाव प्रक्रिया को गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया, ताकि 17 मई को होने वाले नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाए जा सकें।
अमर नेगी ने बताया कि 16 मई को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के सभागार में मतदान दलों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर तथा चुनाव सामग्री वितरित कर गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
रिहर्सल के दौरान नायब तहसीलदार निर्वाचन सुनील कुमार ने भी मतदान कर्मियों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.