सुंदरनगर में 15 जून को होगी मेगा मॉक ड्रिल, सुबह 9 बजे बजेगा हूटर

सुंदरनगर, 12 जून 2026।

भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 जून को सुंदरनगर में मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस संबंध में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों का जायजा लिया गया।

एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप आपदा का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया जाएगा, जिसमें खंड विकास अधिकारी कार्यालय भवन के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति को दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 जून को प्रातः ठीक 9 बजे हूटर बजाया जाएगा, जो भूकंप आपदा की सूचना का संकेत होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि हूटर बजने पर घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल अभ्यास का हिस्सा होगा।

मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन जवाहर पार्क तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों, आपदा प्रबंधन से जुड़े दलों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। अभ्यास के दौरान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत शिविरों के संचालन तथा भोजन, पेयजल और स्वच्छता जैसी आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा।

एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल आपदा के समय जन-धन की हानि को कम करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading