आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा दोपहर 12 बजे दिलाएंगे शपथ
हमीरपुर 14 जून। जिला हमीरपुर की सभी 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को बहुतकनीकी कालेज बड़ू के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा करीब दोपहर 12 बजे सभी प्रधानों एवं उपप्रधानों को शपथ दिलाएंगे और नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों को अपना संदेश देंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन स्थल पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों सहित अन्य सभी लोगांे के लिए बैठने के अलावा भोजन, पेयजल, शौचालय, वाहनों की पार्किंग और अन्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त प्रबंध किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पंडाल में जिला के सभी 6 विकास खंडों के जनप्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे तथा सभी जनप्रतिनिधियों को एक साथ शपथ दिलाई जाएगी। इस महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों के पंजीकरण के साथ-साथ सर्टिफिकेट एवं किट वितरण तथा शपथ की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूर्ण करवाने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है।
उपायुक्त ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा सोमवार सुबह ही जयसिंहपुर से हमीरपुर पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद वह जयसिंहपुर लौट जाएंगे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.