बिलासपुर, 14 जून : जिला बिलासपुर में 15 जून को आयोजित होने वाले नव-निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों के जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को जिला प्रशासन द्वारा अंतिम रूप दे दिया गया है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शनिवार को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सभागार का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में शामिल होने वाले सभी जनप्रतिनिधियों के लिए बेहतर एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
राहुल कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शपथ समारोह के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि 15 जून को प्रातः 11 बजे भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित होने वाले इस जिला स्तरीय समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा जिला बिलासपुर के नव-निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से नव-निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को समारोह की सूचना उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अतिरिक्त जिला परिषद तथा पंचायत समिति के नव-निर्वाचित सदस्यों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। प्रशासन द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.