सफाई कर्मचारी हमारे समाज का महत्वपूर्ण वर्ग: कुलदीप कुमार धीमान

सफाई कर्मचारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते बोले सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष

बिलासपुर, 17 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग, जो हिमाचल प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के रूप में भी कार्य कर रहा है, ने आज नगर परिषद कार्यालय, बिलासपुर में सफाई कर्मचारियों के उत्थान एवं कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला के नगर निकायों के अधिकारियों, एम्स बिलासपुर, जवाहर नवोदय विद्यालय, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रतिनिधियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने की। इस अवसर पर आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, विजय डोगरा एवं शालिनी जम्वाल भी उपस्थित रहे।

बैठक में हिमाचल प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग ने सफाई कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं जैसे सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी इक्विपमेंट), स्वास्थ्य जांच, वर्दी, वेतन एवं कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) सहित अन्य विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने अवगत करवाया कि जिला के नगर निकायों में 129, एम्स बिलासपुर में 288, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन 88, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में 6 तथा जवाहर नवोदय विद्यालय में 7 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने कहा कि राज्य सरकार ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए विभिन्न अनिवार्य प्रावधान किए हैं, जिनमें सुरक्षा उपकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवासीय सुविधाएं आदि शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इन प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाएं, ताकि सफाई कर्मचारियों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का एक महत्वपूर्ण वर्ग हैं, जो शहरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सभी सम्बन्धित विभागों एवं संस्थानों का यह दायित्व है कि उनके अधिकारों और सुविधाओं को पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने महर्षि वाल्मिकी कामगार आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के अंतर्गत सफाई कर्मचारियों को आवास निर्माण के लिए तीन लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना के प्रति सफाई कर्मचारियों को जागरूक करने पर जोर दिया ताकि उन्हें योजना का समयबद्ध लाभ मिल सके।

कुलदीप कुमार ने सफाई कर्मचारियों से भी आह्वान किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है तो वह आयोग को जानकारी उपलब्ध करवा सकते है तथा आयोग कडा संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करेगा। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया ताकि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त हो सके। साथ ही सफाई कार्यों के लिए आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान सफाई कर्मचारी आयोग ने नगर परिषद बिलासपुर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, आयोग के सदस्य सचिव विनय मोदी, सीएमओ डाॅ. शशि दत शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, एम्स के प्रतिनिधि डाॅ. दिनेश, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद वर्षा चैधरी सहित अन्य नगर निकायों के अधिकारी, हाइड्रो इंजिनियरिंग काॅलेज तथा ज्वाहर नवोदय विद्यालय के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading