पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास पर विशेष जोर, 8वां पोषण पखवाड़ा शुरू

बिलासपुर, 15 अप्रैल: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान निदेशालय महिला एवं बाल विकास हिमाचल प्रदेश तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जीवन के प्रारंभिक छह वर्ष बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं संज्ञानात्मक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष के पोषण पखवाड़ा का मुख्य विषय जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क विकास को अधिकतम करना निर्धारित किया गया है।

मंत्री ने बताया कि जिला बिलासपुर के 1111 आंगनवाड़ी केंद्रों में यह पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस दौरान बच्चों के समुचित पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, खेल आधारित शिक्षण तथा स्क्रीन टाइम को कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें पोषण रैलियां, पोषण पे चर्चा, पंचायत स्तर की बैठकें, स्वास्थ्य शिविर, कुकिंग प्रतियोगिताएं, योग एवं खेल गतिविधियां तथा नो स्क्रीन ऑवर जैसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।

डॉ. शांडिल ने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार बच्चे के मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास छह वर्ष की आयु तक हो जाता है, जिसमें पहले 1000 दिन अत्यंत निर्णायक होते हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से इस जन-अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की ताकि स्वस्थ एवं सक्षम समाज के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading